राजस्थान पुलिस के सिपाही नरेश कुमार जाट का शाम को रेलवे स्टेशन पर स्वागत सम्मान
राजगढ़ सादुलपुर तहसील के गांव लुटाणा पूर्ण के निवासी एवं राजस्थान पुलिस के सिपाही नरेश कुमार जाट का 10 अप्रेल की शाम को रेलवे स्टेशन पर स्वागत सम्मान किया गया।
विस्फोटक पदार्थ पकड़वा कर उग्रवादियों की हरकतों का पर्दाफाश करवाने वाले सिपाही नरेश कुमार ट्रेन द्वारा सादुलपुर पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक एवं राजस्थान क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष डॉ. कृष्णा पूनियां, भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। विधायक ने नरेश कुमार का तिलक करते हुए उन्हें पुष्प गुच्छ एवं साफा भेंट किया। विधायक ने कहा कि आज देश और प्रदेश को ऐसे ही कर्तव्यनिष्ठ तथा जागरूक रक्षकों की आवश्यकता है।
इस अवसर पर भाजपा नेता वेद प्रकाश पूनियां, कृष्ण भाकर, खेल।प्रकोष्ठ के जिला संयोजक कुलदीप श्योराण, पूर्व प्रधान निर्मला सिंघल, कांग्रेस के मुकेश इंदौरा, एडवोकेट चरणसिंह पूनियां आदि ने भी माल्यार्पण कर नरेश कुमार को बधाइयां दी।
उल्लेखनीय है कि 30 मार्च को निंबाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में रात्रि को ड्यूटी के दौरान नरेश कुमार ने संदेह होने पर एक कार को रुकवाया। कार में 12 किलो बारूद तथा तीन टाइमर बरामद हुए। कार में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया मगर नरेश कुमार ने हिम्मत करते हुए उनको रोका तथा तत्काल जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन को अवगत करवाया। उसके बाद पुलिस दल ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान एटीएस ने जांच आरंभ की। जांच के दौरान एटीएस ने सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया। नरेश कुमार के इस वीरता पूर्ण कार्य के लिए राजस्थान के पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर ने उनको सम्मानित किया है तथा हवलदार के रूप में पद्दोन्नति के आदेश जारी कर दिए।
राजगढ़ तहसील के गांव लुटाना पूर्ण के करण सिंह जाट के पुत्र नरेश कुमार का रंग गुलाल के साथ डीजे की धुन पर नाचते गाते जुलूस निकाला गया और उसके बाद उन्हें गांव भेजा गया
Comments
Post a Comment