पूरी जनता को खतरे में डालने के लिए आमादा
राजगढ़ सादुलपुर के कुछ व्यापारी तथा कतिपय अन्य लोग क्यों निहित कारणों से खुद को ही नहीं बल्कि पूरी जनता को खतरे में डालने के लिए आमादा हो रहे हैं। इस संबंध में 5 मई को जो जानकारी मिली है, वह गंभीर ही नहीं सभी के लिए चिंतनीय है।
मिली जानकारी के अनुसार आप सभी को अवगत है कि छूट के बाद 4 मई को जिस प्रकार बाजारों व रास्तों में भीड़ उमड़ी है, कमोबेश वैसी स्थिति ही 5 मई नजर आई। काफी लोगों को लोक डाउन के दिशा निर्देशों की पालना की कोई चिंता नहीं दिख रही थी। ज्यादातर लोग बेपरवाह होकर बाजारों और सड़कों पर घूमते नजर आए। जो लोग काम से आए उनकी बात तो अलग है मगर बिना काम भी लोग बाइकों पर घूमते रहे। काफी लोग भीड़ के रूप में या एक साथ घूमते या साथ साथ खड़े होकर देखे गए।
हालांकि 3 मई की शाम को हुई मीटिंग में एसडीएम और थानाधिकारी ने यही अनुरोध किया था कि सोशल डिस्टेंस बनाए रखें, दुकानदार ग्राहकों से दूरी रखें, मास्क व सेनेटाइजर का बराबर उपयोग करे। मगर आज देखा गया कि दुकानें चाहे कपड़े की हो या मनिहारी की, अथवा अन्य कोई दुकान... एक साथ पास-पास पांच पांच सात सात लोग खड़े थे या दुकानों में बैठे थे।
बंधुओं बहनों, कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 4000 नए रोगी सामने आए हैं और रिसर्च यह बता रहा है कि यदि यही स्थिति रही तो स्थित तो कोरोना का संक्रमण और ज्यादा बढ़ सकता है। इसके बावजूद राजगढ़ सादुलपुर के कुछ व्यापारी कोशिश कर रहे हैं दुकानों का समय बढ़ा दिया जाए व सुबह से शाम तक दुकानें खुली रहे।
कोई ईद की बिक्री का बहाना कर रहा है तो कोई अन्य तर्क दे रहा है।
शीतला बाजार क्षेत्र के दुकानदारों के अलावा अन्य कई कपड़ा व्यापारी तथा अन्य दुकानदार भी इस बात के लिए प्रयासरत है कि चाहे प्रशासन से मिलकर अथवा राजनीतिक दबाव देकर बाजारों का समय बढ़ाया जाए।
इसलिए आप सभी को आगाह करने का प्रयास कर रहा हूं कि अभी तक अपन कोरोना संक्रमण से बचे हुए हैं, मगर यह गारंटी नहीं कि इस प्रकार की स्थितियों में आगे भी बचे रहेंगे। कहीं ऐसा नहीं हो कि निहित स्वार्थों के कारण जो कुछ हासिल हुआ है, उसे हम खो दें। यदि किंचित मात्र भी परिस्थितियां प्रतिकूल हो जाती है तो आगे ज्यादा सख्त बंधन में आ जाएंगे। यदि ऐसे हालात रहते हैं तो यह बलवती आशंका है कि हालात बिगड़ सकते हैं।
इसीलिए ऐसे प्रयास करने वाले सभी लोगों के साथ-साथ जागरूक जनों से अनुरोध है कि हालातों को समझें और लॉक डाउन के दिशा निर्देशों की पालना सही तरीके से करते हुए पुलिस प्रशासन का भी सहयोग करें। पुलिस या स्थानीय प्रशासन पर किसी प्रकार का भी अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास ना करें, यही हम सभी के लिए हितकर रहेगा...
Comments
Post a Comment